रतनगढ़। वर्ष 2023 के हत्या मामले के एक गवाह पर बयान बदलने का दबाव बनाने, धमकी देने और बोलेरो कैंपर में आग लगाने के आरोपों से जुड़े प्रकरण में रतनगढ़ पुलिस ने करतार सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के मुताबिक, रतनगढ़ के वार्ड संख्या 3 निवासी राजकुमार जाट ने 31 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राजकुमार ने रिपोर्ट में बताया कि वह वर्ष 2023 में दिलसुख जाट की हत्या से जुड़े मामले में गवाह है।

गवाही बदलने के लिए धमकाने का आरोप

राजकुमार जाट ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि हत्या मामले में गवाही नहीं बदलने पर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। उन्होंने कुछ लोगों पर घर के बाहर आकर धमकी देने का भी आरोप लगाया।

विज्ञापन

शिकायत के मुताबिक, 30 जुलाई की मध्यरात्रि सुजानगढ़ रोड स्थित न्यू फौजी होटल के बाहर खड़ी बोलेरो कैंपर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। परिवादी ने इस घटना के साथ जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

न्यायिक अभिरक्षा में था आरोपी, अब प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद आरोपी करतार सिंह पुत्र पृथ्वी सिंह राजपूत, निवासी जांदवा, को पूर्व में अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।

पुलिस ने अब गवाह को धमकाने और वाहन में आग लगाने से जुड़े प्रकरण में अनुसंधान के लिए करतार सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी से मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है।