कलक्टर अभिषेक सुराणा और एसपी निश्चय प्रसाद ने कानून-व्यवस्था व चुनाव प्रबंधन की समीक्षा की
रतनगढ़। नगर निकाय आम चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अभिषेक सुराणा और पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. ने शुक्रवार को रतनगढ़ में चुनाव प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
दोनों अधिकारियों ने पहले रतनगढ़ पुलिस थाने में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद श्रीमती केशरी देवी लोहिया राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम, ईवीएम संग्रहण केंद्र और मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
CCTV, प्रवेश-निकास और जरूरी सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना कक्षों की सुरक्षा, CCTV व्यवस्था, प्रवेश-निकास, बिजली और पेयजल सहित जरूरी सुविधाओं को देखा गया।
विज्ञापन
अधिकारियों को ईवीएम और स्ट्रॉन्ग रूम से जुड़े निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने तथा परिसर में प्रवेश व्यवस्था व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश
पुलिस थाने में हुई बैठक में चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता की पालना और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा की गई।
कलक्टर ने संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय बनाए रखने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम मिथिलेश ने अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।





