सुजानगढ़ के 10 वर्षीय बालक और रतनगढ़ क्षेत्र की 4 वर्षीय बच्ची को विशेषज्ञ इलाज से जोड़ा गया
चूरू। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत स्वास्थ्य जांच में जन्मजात हृदय संबंधी समस्या से चिन्हित चूरू जिले के दो बच्चों का निःशुल्क उपचार कराया गया है। इनमें सुजानगढ़ क्षेत्र का 10 वर्षीय बालक और रतनगढ़ क्षेत्र की 4 वर्षीय बच्ची शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों बच्चों को प्रारंभिक जांच के बाद चूरू स्थित जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) से विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए जोड़ा गया। आयुष्मान योजना के तहत एक बच्चे का उपचार अहमदाबाद और दूसरे का जोधपुर में कराया गया।
स्कूल स्क्रीनिंग में सामने आया 10 वर्षीय बालक का मामला
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शशांक चौधरी के अनुसार सुजानगढ़ क्षेत्र के 10 वर्षीय बालक की स्कूल स्क्रीनिंग के दौरान हृदय संबंधी समस्या सामने आई।
विज्ञापन
आगे की जांच के लिए बच्चे को DEIC लाया गया, जहां बाल रोग विशेषज्ञ की जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद उसे अहमदाबाद स्थित हृदय रोग अस्पताल रेफर किया गया। विभाग के मुताबिक वहां उसका निःशुल्क उपचार किया गया।
4 वर्षीय बच्ची का जोधपुर में हुआ उपचार
रतनगढ़ क्षेत्र की 4 वर्षीय बच्ची को भी RBSK टीम ने स्वास्थ्य जांच के दौरान चिन्हित किया। आवश्यक जांच पूरी होने के बाद उसे विशेषज्ञ उपचार के लिए जोधपुर भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत बच्ची का भी निःशुल्क हृदय उपचार कराया गया। उपचार के बाद दोनों बच्चों की स्थिति बेहतर बताई गई है।
सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा के अनुसार RBSK की मोबाइल हेल्थ टीमें स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच करती हैं। किसी स्वास्थ्य समस्या की पहचान होने पर बच्चों को DEIC के माध्यम से आवश्यक जांच और विशेषज्ञ उपचार से जोड़ा जाता है।





