पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन; केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

राजगढ़ (चूरू), 23 जुलाई। सादुलपुर की पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता डॉ. कृष्णा पूनिया के नेतृत्व में गुरुवार को राजगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने पेपर लीक विवाद तथा दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया।

आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शन में सादुलपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों को लेकर केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं को प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने का भी विरोध किया।

विज्ञापन

डॉ. कृष्णा पूनिया ने कहा कि पुलिस कार्रवाई और हिरासत के जरिए युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में सामने आ रही गड़बड़ियों से देश के लाखों विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था लागू करने तथा पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

पूनिया ने कहा कि कांग्रेस युवाओं और विद्यार्थियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सड़क से संसद तक उठाती रहेगी।

चूरू टाइम्स — चूरू की खबर, भरोसे के साथ।

यह भी पढ़ें: चूरू नेचर पार्क में पट्टा वितरण कार्यक्रम