चूरू, 30 जुलाई। राजस्थान पुलिस के महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत चूरू में रैली निकाली गई। इसका उद्देश्य महिलाओं और आमजन को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।

पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर 1 से 29 जुलाई तक राज्य स्तरीय महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। चूरू जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसआईयूसीएडब्ल्यू कृष्णा सामरिया के निर्देशन में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

पुलिस लाइन से रवाना हुई रैली

रैली को पुलिस लाइन चूरू से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस अधिकारियों और कालिका पुलिस टीम ने इसमें भाग लिया। रैली शहर के मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों से होकर गुजरी।

रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने पंपलेट बांटकर घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। आमजन को राजस्थान पुलिस के राजकॉप सिटीजन ऐप और उसके माध्यम से उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी बताया गया।

विज्ञापन

हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

अभियान के दौरान आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और महिला सुरक्षा से जुड़े 1090 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई।

महिला थाना प्रभारी कुसुमलता पूनिया ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी तरह की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें। तुरंत पुलिस, संबंधित थाने या उपलब्ध हेल्पलाइन सेवा से संपर्क करें।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उपलब्ध कानूनी और पुलिस सहायता के प्रति जागरूक करना है, ताकि जरूरत के समय वे बिना झिझक मदद ले सकें।

यह भी पढ़ें: चूरू में यातायात सुधार पर जिला स्तरीय बैठक, ट्रैफिक जाप्ता बढ़ाया