चूरू, 29 जुलाई। जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए बुधवार को चूरू यातायात थाना परिसर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई।
बैठक में जिले के यातायात प्रभारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, पीसीआर प्रभारी और यातायात से जुड़ी विभिन्न पुलिस इकाइयों के अधिकारी मौजूद रहे।
ट्रैफिक जाप्ता बढ़ाया, फिक्स पॉइंट निर्धारित
बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए अलग से आदेश जारी किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस का जाप्ता बढ़ाने के साथ फिक्स पिकेट और ड्यूटी पॉइंट निर्धारित किए गए हैं।
एसपी के अनुसार, प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय की गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित स्थानों पर प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
ऑटो-टेंपो नंबरिंग और पार्किंग पर चर्चा
बैठक में ऑटो और टेंपो की नंबरिंग, उनके रूट निर्धारण, बसों की पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण और यातायात से जुड़ी अन्य समस्याओं पर चर्चा हुई।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन विषयों पर अधिकारियों से सुझाव लेने के साथ आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था में जरूरी बदलावों को लेकर जल्द कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई।
आमजन से सहयोग की अपील
एसपी ने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं है। इसमें आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।
उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और यातायात से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने उम्मीद जताई कि किए जा रहे प्रयासों का असर आने वाले दिनों में दिखाई देगा और यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनेगी।
यह भी पढ़ें: झारिया मोरी में फिर जलभराव, सालों से स्थायी समाधान का इंतजार





