चूरू, 20 सितंबर। चूरू जिले के 11 नगर निकायों में अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए सोमवार, 21 सितंबर 2026 को मतदान होगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की ओर से नगर निकाय आम चुनाव-2026 के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार जिले की नगर परिषद सुजानगढ़, चूरू और सरदारशहर के साथ नगरपालिका राजगढ़, रतननगर, छापर, तारानगर, साहवा, रतनगढ़, राजलदेसर और बीदासर में अध्यक्ष पद का निर्वाचन होना है। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया संबंधित नगर निकाय कार्यालय में संपन्न होगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम अर्पिता सोनी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान पूरा होते ही मतों की गिनती शुरू कर दी जाएगी।

विज्ञापन

22 सितंबर को होंगे उपाध्यक्ष पद के चुनाव

नगर निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को संपन्न होगी। इस दिन सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी और सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

नाम निर्देशन पत्रों की जांच सुबह 11:30 बजे से की जाएगी। उम्मीदवार दोपहर 2 बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सभी संबंधित नगर निकाय कार्यालयों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अगले दिन अलग से प्रक्रिया आयोजित होगी।