कोतवाली पुलिस ने खंडवा निवासी भरत स्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया; शेष नामजद आरोपियों की तलाश जारी
चूरू। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एक नवविवाहित युवती को कथित रूप से जबरन ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खंडवा निवासी भरत स्वामी के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश किया गया। इस गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है।
सुरक्षा मांगने एसपी कार्यालय पहुंचा था जोड़ा
मामला 25 मई 2026 का है। एक नवविवाहित जोड़ा परिवार से खतरे की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग के लिए चूरू एसपी कार्यालय पहुंचा था। दोनों कार्यालय के परिवादी कक्ष में मौजूद थे।
आरोप है कि इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट की और युवती को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। शिकायत में युवक का बैग छीनने का आरोप भी लगाया गया था। इसके बाद कोतवाली थाने में अपहरण, मारपीट और अन्य संबंधित आरोपों में मामला दर्ज किया गया।
करीब 32 घंटे बाद मिली थी युवती
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहनों से जुड़ी जानकारी के आधार पर तलाश शुरू की थी। युवती को करीब 32 घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया था। शुरुआती कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया था।
विज्ञापन
मामले के दौरान ड्यूटी में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर तीन कमांडो और एक चालक सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
ताजा कार्रवाई में भरत स्वामी की गिरफ्तारी के बाद अब तक चार आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, मामले में शेष नामजद आरोपियों की तलाश और जांच जारी है।
चूरू और आसपास की विश्वसनीय, सटीक और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें चूरू टाइम्स के साथ।
यह भी पढ़ें: झारिया PHC में 21 जुलाई को आयोजित होगा सर्व समाज रक्तदान शिविर





