चूरू। शहर की सैनिक बस्ती सेक्टर-1 में दिन के समय बंद मकान का ताला तोड़कर सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। मकान मालिक की रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सैनिक बस्ती सेक्टर-1 निवासी 62 वर्षीय धर्मपाल सिंह ने रिपोर्ट दी कि 25 जुलाई को दोपहर करीब 1:20 बजे वह अपनी पत्नी को पंखा सर्किल स्थित संजीवनी अस्पताल के पास अपनी दुकान पर छोड़ने गए थे।
दोपहर करीब 2:45 बजे घर लौटने पर उन्हें मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और गेस्ट रूम में रखा दीवान भी खंगाला गया था।
सोने के आभूषण और नकदी चोरी होने की रिपोर्ट
परिवादी ने पुलिस को बताया कि घर से ₹15 हजार नकद और अलमारी में रखे करीब 127 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हो गए।
विज्ञापन
रिपोर्ट में चोरी हुए आभूषणों में सात सोने की अंगूठियां, करीब 20 ग्राम की सोने की चेन, छह जोड़ी झुमके, एक गले का सेट और करीब 12 ग्राम की फूल-पातड़ी शामिल होने की जानकारी दी गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
चूरू टाइम्स — चूरू से जुड़ी हर जरूरी खबर।
यह भी पढ़ें: झारिया मोरी में फिर जलभराव, सालों से स्थायी समाधान का इंतजार





