हनुमानगढ़ी रोड पर नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई; करीब सात ग्राम मादक पदार्थ बरामद करने का पुलिस का दावा

चूरू। कोतवाली थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे वाली ऑल्टो कार से करीब सात ग्राम हेरोइन बरामद की गई। कार को भी जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि हनुमानगढ़ी रोड के पास नाकाबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार चालक पुलिस टीम को देखकर वाहन मोड़कर निकलने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने कार को रुकवाकर तलाशी ली।

पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान कार से हेरोइन बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब ₹1.40 लाख बताई गई है।

विज्ञापन

गिरफ्तार युवक की पहचान चूरू निवासी 26 वर्षीय प्रदीप सिंह के रूप में बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थ स्थानीय स्तर पर एक व्यक्ति से प्राप्त करने की जानकारी दी है। पुलिस कथित सप्लायर और नशा आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: ऑपरेशन म्यूल हंटर में गिरफ्तार आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में

चूरू टाइम्स — चूरू की खबर, भरोसे के साथ।