₹9.60 लाख के संदिग्ध लेनदेन की जांच; पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक बरामद करने का पुलिस का दावा

चूरू। साइबर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत गिरफ्तार समीर खान उर्फ चीकू को न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

साइबर थाना पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों और संबंधित बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, नयाबास निवासी 22 वर्षीय समीर खान पर साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क को बैंक खाते उपलब्ध कराने और इन खातों के माध्यम से रकम का लेनदेन कराने का आरोप है।

विज्ञापन

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान संबंधित खातों में करीब ₹9.60 लाख के संदिग्ध लेनदेन सामने आने की बात कही गई है।

पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चूरू और सरदारशहर क्षेत्र से करीब 30 से 40 बैंक खाते जुटाकर साइबर ठगी से जुड़े लोगों को उपलब्ध कराने की जानकारी दी।

साइबर थाना पुलिस अब इन खातों के धारकों, संदिग्ध लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: 74 लाख की डिजिटल अरेस्ट ठगी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार