चूरू। तारानगर रोड स्थित राजकीय अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय परिसर में इंसानियत एकता सेवा समिति की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दैनिक भास्कर के ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ अभियान के तहत समिति सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के 50 पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
समिति संस्थापक करामत खान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते तापमान के प्रभाव को कम करने में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बारिश के मौसम में प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो क्षेत्र को हरा-भरा बनाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि समिति पिछले सात वर्षों से बारिश के मौसम में पौधरोपण अभियान चला रही है। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों और विभिन्न परिसरों में सैकड़ों पौधे लगाए गए हैं।
विज्ञापन
समिति के उप कोषाध्यक्ष सलमान खान ने कहा कि संस्था पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय है। आने वाले समय में भी पौधरोपण का कार्य जारी रखा जाएगा।
समिति व्यवस्थापक इंजीनियर जाफर खान के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में नीम, सिरस, जामुन, शहतूत और गुलमोहर सहित अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक नियाज मोहम्मद, इमरान बी खान, आतिफ खान, जुबेर खान, सक्षम शर्मा, अरविंद जांगिड़, भंवरलाल, जावेद खान और अरमान खान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: चूरू में महिला सुरक्षा पर संवाद, वॉलिंटियर्स का सम्मान





