चूरू। राजकीय लोहिया महाविद्यालय में शुक्रवार को पूर्व छात्रसंघ महासचिव पुलकित चौधरी के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ किया। विद्यार्थियों ने यज्ञ में आहुतियां देकर छात्रसंघ चुनाव जल्द करवाने सहित अपनी अन्य मांगों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
पुलकित चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात नहीं सुन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विद्यार्थियों की जायज मांगें मानने के बजाय उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज और परिवारों का हिस्सा हैं तथा उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। यज्ञ के दौरान सरकार, मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री को सद्बुद्धि प्रदान करने तथा विद्यार्थियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की प्रार्थना की गई।
सोमवार तक घोषणा नहीं हुई तो भूख हड़ताल
पुलकित चौधरी ने बताया कि संगठन की ओर से सरकार को छात्रसंघ चुनाव की घोषणा के लिए समय दिया गया था, जो अब पूरा होने वाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि सोमवार तक सकारात्मक घोषणा नहीं होने पर विद्यार्थी सोमवार सुबह से भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
विज्ञापन
विद्यार्थियों ने छात्रसंघ चुनाव जल्द करवाने के साथ ही राजकीय लोहिया महाविद्यालय में राजस्थानी भाषा से संबंधित नियमित कार्यालय खोलने की मांग भी उठाई। चौधरी ने कहा कि दोनों मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनिल भाकर, छात्र प्रतिनिधि अमन चौधरी, राकेश कसवां सिरसली, कमलेश सिहाग, मोनू पंडित, छात्र नेता अजय चौधरी, अरविंद पातुसार, मोहित, कार्तिक स्वामी, सोयक डीके, आदित्य मील, अंकुश सियाग, मनजीत चौधरी और रोहित सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: झारिया में बकरियों को लेकर विवाद, किसान पर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप





