चूरू। दूधवाखारा थाना क्षेत्र के गांव झारिया में खेत में बकरियां घुसने को लेकर हुए विवाद के बाद 35 वर्षीय किसान अमराराम पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, हमले में अमराराम के सिर पर चोट आई। शुक्रवार सुबह उसे चूरू के राजकीय भरतिया अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घायल के बेटे श्रवण कुमार ने बताया कि उसके पिता अमराराम गांव में खेती करते हैं। उनके मामा मनफूल, निवासी धीरासर, भी क्षेत्र में खेती करते हैं। गुरुवार को मनफूल की बकरियां एक अन्य किसान के खेत में घुस गईं, जिससे फसल को नुकसान पहुंचा।

खेत मालिक ने अमराराम से मनफूल को बकरियों का ध्यान रखने के लिए समझाने को कहा। इसके बाद अमराराम ने मनफूल से बकरियों को संभालने और दूसरे किसानों की फसल को नुकसान नहीं पहुंचने देने की बात कही।

विज्ञापन

घर से निकलते समय हमला करने का आरोप

श्रवण कुमार ने आरोप लगाया कि गुरुवार शाम अमराराम घर से बाहर जा रहे थे। इसी दौरान मनफूल ने उनके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर अमराराम को छुड़ाया।

परिजन शुक्रवार सुबह घायल अमराराम को राजकीय भरतिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना अस्पताल पुलिस चौकी को भी दी गई है।

मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई और एफआईआर से संबंधित आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

यह भी पढ़ें: सांडवा थाना क्षेत्र में शिक्षक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला