चूरू। बीदासर के सांडवा थाना क्षेत्र में एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक के खिलाफ नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर आरोपी शिक्षक की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक विद्यालय का शिक्षण कार्य प्रभावित रहा।

आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग

प्रदर्शनकारियों ने मामले में जल्द कार्रवाई करने और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

ग्रामीणों ने विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।

विज्ञापन

पुलिस की समझाइश के बाद खोला ताला

सूचना मिलने पर सांडवा थानाधिकारी महेंद्र कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस की समझाइश के बाद करीब दो घंटे बाद विद्यालय के मुख्य द्वार का ताला खोल दिया गया। इसके बाद शिक्षण कार्य दोबारा शुरू हुआ।

पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें: भालेरी पॉक्सो मामले में दोषी को 10 साल का कठोर कारावास, ₹45 हजार अर्थदंड