चूरू। गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को लेकर सोमवार को चूरू में गोभक्तों, संतों और महिला प्रतिभागियों ने रैली निकाली। रैली के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा को ज्ञापन सौंपा गया।
आयोजकों के अनुसार, रैली देशव्यापी गो सम्मान अभियान के तहत निकाली गई। इसमें शामिल लोग हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर शहर के प्रमुख मार्गों से कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान गो सेवा और गो संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए गए।
रैली का नेतृत्व संत देवनाथ, ध्याननाथ, खासोली धाम के नवरतनगिरि, श्यामनाथ और गंगानाथ ने किया। कार्यक्रम में गोभक्त, संत, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
गोहत्या पर प्रतिबंध और बेसहारा गोवंश के संरक्षण की मांग
प्रधानमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग की गई। इसके साथ देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और इसके लिए सख्त कानून लागू करने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में बेसहारा गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग भी उठाई गई। आयोजकों ने केंद्र और राज्य सरकार से गो संरक्षण से जुड़ी मांगों पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
विज्ञापन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने गो संरक्षण को भारतीय संस्कृति और आस्था से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने इसके लिए व्यापक जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
आयोजकों ने गो सम्मान अभियान को गांवों और आमजन तक पहुंचाने की बात भी कही।
ज्ञापन सौंपने वालों में बाबूलाल जांगिड़, गोपीराम शर्मा, बीएन राजोतिया, राधेश्याम, घनश्याम सरोठिया और श्रीराम चोटिया सहित गोभक्त एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चूरू टाइम्स — चूरू की हर खबर, सच्चाई और भरोसे के साथ।
यह भी पढ़ें: अभिनेश महर्षि ने रतनगढ़ के वार्ड 45 और 1 में सड़क निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण





