जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने का जताया विरोध
चूरू, 22 जुलाई 2026। जिला कलेक्ट्रेट के बाहर बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।
चूरू कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शेर खां मलकांण के अनुसार, यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में किया गया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के झंडे और बैनर लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के अधिकारों, परीक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दे उठाए। मलकांण ने कहा कि कांग्रेस छात्रों, शिक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को आगे भी उठाती रहेगी।
विज्ञापन
प्रदर्शन में पूर्व उप प्रमुख सोहनलाल, गोविंद महणसरिया, किशोर धांधू, जंगशेर खां भुवाण पिथीसर और रियाजत खां सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
पुतला दहन और नारेबाजी के बाद कई कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक गिरफ्तारी दी। पुलिस ने उन्हें वाहन में बैठाकर मौके से रवाना किया। प्रदर्शन के दौरान जिला कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास पुलिसकर्मी तैनात रहे।
चूरू जिले की स्थानीय, राजनीतिक और जनहित से जुड़ी ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहें चूरू टाइम्स।
यह भी पढ़ें: चूरू के नेचर पार्क में पट्टा वितरण कार्यक्रम, लाभार्थियों को सौंपे दस्तावेज





