चूरू न्यूज: रामगढ़ के पास सोमवार सुबह दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में हरियाणा के जींद जिले के मेंगलपुर निवासी ट्रेलर ड्राइवर संदीप (35) की मौत हो गई। उसके साथ सफर कर रहा हिसार जिले के सूरेवाला निवासी जसवीर सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हुआ है।

जसवीर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर किया गया है।

गांधीधाम से कैथल जा रहा था ट्रेलर

जसवीर सिंह ने बताया कि वह रविवार सुबह गुजरात के गांधीधाम से ड्राइवर संदीप के साथ ट्रेलर में रवाना हुआ था। ट्रेलर में पीवीसी पाउडर भरा था, जिसे हरियाणा के कैथल ले जाया जा रहा था।

सोमवार सुबह रामगढ़ के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी में इसे आमने-सामने की भिड़ंत बताया गया है।

रामगढ़ अस्पताल से चूरू डीबी अस्पताल लाया गया

हादसे के बाद संदीप और जसवीर सिंह को पहले रामगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से दोनों को चूरू के डीबी अस्पताल लाया गया।

डीबी अस्पताल में डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है।

विज्ञापन

जसवीर सिंह को बीकानेर रेफर किया

जसवीर सिंह का चूरू डीबी अस्पताल में प्राथमिक इलाज किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बीकानेर रेफर कर दिया।

पुलिस कर रही है जांच

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

यह खबर भी पढ़ें

Churu News: राजकीय भरतिया अस्पताल में पारिवारिक विवाद, दो गिरफ्तार

चूरू और आसपास की ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें चूरू टाइम्स के साथ.