सादुलपुर। सादुलपुर क्षेत्र के पहाड़सर रेलवे स्टेशन परिसर में जयप्रकाश नायक का शव मिलने के मामले में जीआरपी की जांच आगे बढ़ गई है। मामले में पुलिस ने जीआरपी कांस्टेबल मंजीत यादव और विकास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, राजगढ़ निवासी जयप्रकाश नायक उम्र 45 वर्ष का शव मंगलवार सुबह पहाड़सर रेलवे स्टेशन परिसर में मिला था। घटना के बाद परिजनों की रिपोर्ट पर जीआरपी थाना सादुलपुर में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरे घटनाक्रम की शुरुआत आपसी लेन-देन के विवाद से हुई थी। पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश और आरोपी मंजीत के बीच पहले से परिचय था। रुपए के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना वाली रात जयप्रकाश को पहाड़सर रेलवे स्टेशन की ओर ले जाया गया था। वहां विवाद बढ़ने के बाद मारपीट की बात सामने आई है। इसके बाद जयप्रकाश ट्रेन की चपेट में आ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी बीकानेर के अधिकारी पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रहे हैं। पुलिस घटनास्थल, साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
इस मामले में पहले जीआरपी ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर जीआरपी कांस्टेबल मंजीत यादव और वार्ड 16 निवासी विकास को गिरफ्तार किया गया।
बुधवार को मृतक जयप्रकाश नायक का अंतिम संस्कार परिजनों की मौजूदगी में किया गया। वहीं, मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। परिजन और ग्रामीण निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांचाधीन है।
चूरू टाइम्स स्थानीय मुद्दों को आमजन की आवाज के रूप में उठाता रहेगा।
यह भी पढ़ें: सादुलपुर में मकान ढहने से चार लोग मलबे में दबे, मौके पर मचा हड़कंप





