चूरू। राजगढ़ थाना क्षेत्र के महला नरडियान गांव में बिजली करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 22 निवासी असलम खान (24), पुत्र शरीफ खान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, असलम खान 30 जुलाई को मजदूरी के लिए राजगढ़ निवासी अकरम के घर गया था। वहां काम करने के दौरान घर के आगे लगे बिजली पोल में अचानक करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गया।
हादसे में असलम खान गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद फरमान और इमरान खान उसे तुरंत राजकीय अस्पताल राजगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे मृतक के बड़े भाई सारू खान पुत्र शरीफ खान ने राजगढ़ थाना पुलिस को रिपोर्ट दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
राजगढ़ थाना अधिकारी रजनीश कुमार सिहाग ने बताया कि मामले की जांच एएसआई महेंद्र सिंह भाटी को सौंपी गई है।





