चूरू न्यूज टुडे: चूरू जिले के निकटवर्ती गांव झारिया में पेयजल एवं बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर चूरू से मुलाकात कर गांव की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जल जीवन मिशन की टंकी बनी शोपीस, 8-साल बाद भी नहीं मिल रहा मीठा पानी

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में बनाई गई पानी की टंकी को लगभग आठ वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक नियमित रूप से मीठे पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इसके चलते ग्रामीणों को मजबूरन खारा पानी पीना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने पाइपलाइन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए इसकी जांच और मरम्मत की मांग की है।

झारिया में बिजली व्यवस्था भी बदहाल

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को गांव की बिजली समस्याओं से भी अवगत कराया। ज्ञापन में जर्जर विद्युत पोलों को बदलने, नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा नई डीपी स्थापित करने की मांग की गई, ताकि गांव में निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान बिजली ढांचा काफी पुराना हो चुका है, जिसके कारण आए दिन तकनीकी समस्याएं उत्पन्न होती रहती हैं।

विज्ञापन

समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही पेयजल और बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर गांव की समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान निशार खान, इरफान तंवर, सुनील मेघवाल, इलियास खां, उगम सिंह, सांवरमल साहरण, हाजी निशार खान, राजवीर, अयूब खान, अल्ताफ खान, आमीन खान, शमशेर खान, आसिफ खान, संजीव मीणा, सरिता मेघवाल, पूनम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

चूरू और आसपास की ताज़ा, विश्वसनीय और सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहें Churu Times के साथ।

👉 यह भी पढ़ें: सादुलपुर में दूध व्यापारी से ₹1 लाख की लूट।