चूरू। वार्ड संख्या 46 में नियमित कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था की मांग को लेकर सोमवार, 3 अगस्त को जिला महिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष सुनीता कपूरिया ने किया।

महिला कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ज्ञापन में पिछले करीब डेढ़ महीने से वार्ड में घर-घर कचरा संग्रहण करने वाला टिपर वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंचने की शिकायत की गई है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नियमित कचरा संग्रहण नहीं होने से वार्ड के कुछ स्थानों पर गंदगी फैल रही है और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बारिश के मौसम के दौरान जमा गंदगी से मच्छरों और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका भी जताई गई।

विज्ञापन

सुनीता कपूरिया ने नगर परिषद प्रशासन से वार्ड में नियमित कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की। उन्होंने समस्या का समाधान नहीं होने पर वार्डवासियों के साथ शांतिपूर्ण आंदोलन करने की बात कही।

ज्ञापन सौंपने के दौरान महिलाओं ने नगर परिषद परिसर में प्रदर्शन भी किया। इस दौरान बलकेश, शर्मीला, सलमा बानो, गीता देवी, शारदा देवी, न्यामत बानो, अंजू और कविता सहित वार्ड की अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।