दो दिवसीय आयोजन में बिज्जी के साहित्य पर होंगे विभिन्न सत्र; पुस्तक-चित्र प्रदर्शनी, फिल्म प्रदर्शन और पुरस्कार समारोह भी प्रस्तावित
चूरू। राजस्थानी साहित्यकार पद्मश्री विजयदान देथा ‘बिज्जी’ की जन्मशती के अवसर पर चूरू में 31 अगस्त और 1 सितंबर को दो दिवसीय साहित्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। प्रयास संस्थान की ओर से होने वाले इस आयोजन के लिए देश और प्रदेश के करीब 100 साहित्यकारों को आमंत्रित किया गया है।
सम्मेलन चूरू के श्री ओसवाल श्रीसंघ पंचायत भवन में होगा। दो दिनों के दौरान विजयदान देथा के साहित्य, उनके रचना संसार और राजस्थानी भाषा में उनके योगदान पर विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।
विज्ञापन
बिज्जी के साहित्य पर केंद्रित रहेंगे सत्र
प्रयास संस्थान के संस्थापक डॉ. दुलाराम सहारण ने बताया कि सम्मेलन में शामिल साहित्यकार विजयदान देथा की रचनाओं और राजस्थानी साहित्य में उनके योगदान पर चर्चा करेंगे।
विजयदान देथा का जन्म 1 सितंबर 1926 को हुआ था। वे राजस्थानी कथा साहित्य के प्रमुख रचनाकारों में शामिल रहे। उनकी चर्चित कृतियों में ‘बातां री फुलवारी’ भी शामिल है।
प्रदर्शनी और फिल्म प्रदर्शन भी होगा
संस्थान के सचिव कमल शर्मा के अनुसार सम्मेलन के दौरान पुस्तक प्रदर्शनी और चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ विजयदान देथा से जुड़े फिल्म प्रदर्शन और पुरस्कार समारोह का भी आयोजन प्रस्तावित है।
आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम के अलग-अलग सत्र विजयदान देथा के साहित्य और राजस्थानी भाषा से जुड़े विषयों पर केंद्रित रहेंगे।





