चूरू, 8 सितंबर। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत चूरू नगरपरिषद और रतननगर नगरपालिका के वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए नियुक्त मतदान दलों का मंगलवार को दूसरा प्रशिक्षण हुआ। जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े जरूरी निर्देश दिए।

सुराणा ने मतदान दलों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार काम करने को कहा। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखने और किसी तरह की कमी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए।

मतदान के दौरान किसी समस्या की स्थिति में सेक्टर मजिस्ट्रेट और एरिया मजिस्ट्रेट से संपर्क करने को कहा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

विज्ञापन

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जानकारी

पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने मतदान दलों और सुरक्षा कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताई। उन्होंने मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।

एसपी ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए।

ईवीएम संचालन और जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी

चूरू नगरपरिषद की रिटर्निंग अधिकारी एवं सीईओ श्वेता कोचर ने मतदान दलों को निर्वाचन से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मतदान के अलग-अलग चरणों, आवश्यक प्रपत्रों और ईवीएम संचालन से संबंधित जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों ने मतदान दलों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

कार्यक्रम में एसडीएम धीरज झाझड़िया, सीओ गजेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी और मतदान दल मौजूद रहे।