POCSO के अलग-अलग मामलों में थे न्यायिक हिरासत में, 23 अगस्त को जेल से हुए थे फरार

राजगढ़/चूरू, 26 अगस्त। श्रीनगर सेंट्रल जेल से फरार दो विचाराधीन बंदियों को चूरू जिले के राजगढ़ क्षेत्र में पकड़ा गया है। दोनों POCSO के अलग-अलग मामलों में न्यायिक हिरासत में थे और 23 अगस्त से उनकी तलाश की जा रही थी।

दोनों की पहचान फरमान खान और मुख्त्यार अहमद गुर्जर के रूप में हुई है। फरमान राजस्थान का निवासी है, जबकि मुख्त्यार अहमद जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले का रहने वाला है।

स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह राजगढ़ क्षेत्र में दो संदिग्ध युवकों के घूमने की सूचना मिली। इसके बाद हिसार फाटक बाईपास के आसपास पुलिस ने दोनों को दस्तयाब किया। पूछताछ में उनका संबंध श्रीनगर सेंट्रल जेल से फरार विचाराधीन बंदियों से होने की पुष्टि हुई।

विज्ञापन

23 अगस्त से चल रही थी तलाश

फरमान खान गांदरबल जिले में दर्ज एक POCSO मामले में न्यायिक हिरासत में था। मुख्त्यार अहमद गुर्जर भी श्रीनगर में दर्ज एक अलग POCSO मामले में विचाराधीन बंदी था।

23 अगस्त को दोनों श्रीनगर सेंट्रल जेल से फरार हो गए थे। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और लुकआउट नोटिस भी जारी किए।

राजगढ़ पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के मुताबिक, जेल से निकलने के बाद दोनों जम्मू पहुंचे। वहां से ट्रेन और बस के जरिए हरियाणा होते हुए राजगढ़ की ओर आए।

राजस्थान पुलिस की मदद से पकड़े गए

श्रीनगर पुलिस के अनुसार, राजस्थान पुलिस की मदद से दोनों को चूरू जिले के राजगढ़ क्षेत्र में पकड़ा गया। अब आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए श्रीनगर ले जाया जाएगा।

श्रीनगर सेंट्रल जेल से दोनों के फरार होने की परिस्थितियों की अलग से जांच की जा रही है।