चूरू। पत्रकार राजेन्द्र सिंह शेखावत पर हमले से जुड़े मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच में तेजी लाने की मांग की।
पत्रकारों ने ज्ञापन में बताया कि राजेन्द्र सिंह शेखावत पर 4 जुलाई 2026 की रात हमला हुआ था। इस संबंध में पुलिस थाने में एफआईआर संख्या 143 दर्ज है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि घटना के 23 दिन बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ज्ञापन में पुलिस अधीक्षक से संबंधित जांच अधिकारी को आवश्यक निर्देश देने और मामले में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
रिपोर्टिंग के बाद हमला किए जाने का दावा
पत्रकारों ने ज्ञापन में दावा किया कि राजेन्द्र सिंह पर उनकी रिपोर्टिंग के बाद हमला किया गया था। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकार पर उसके काम को लेकर हमला होना गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं होने से पत्रकारों में असुरक्षा बढ़ती है और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होती है।
विज्ञापन
ज्ञापन में बताया गया कि पत्रकार संगठन IFWJ के जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय की ओर से भी मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया था। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, संगठन को संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली।
दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने मामले में दो दिन के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही।
एसपी के आश्वासन के बाद पत्रकारों ने मामले में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई।
यह भी पढ़ें: चूरू में पत्रकार राजेन्द्र सिंह पर लाठी से हमला, दाहिने हाथ में गंभीर चोट





