चूरू, 17 सितंबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के लिए आरक्षण की लॉटरी अब 23 सितंबर को होगी। चूरू जिले में जिला परिषद के वार्ड सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों और प्रधान पदों के लिए आरक्षण का निर्धारण सुबह 10 बजे जिला परिषद सभागार में किया जाएगा।
पहले तय कार्यक्रम में बदलाव के बाद आरक्षण की यह प्रक्रिया 23 सितंबर को रखी गई है। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का श्रेणीवार आवंटन किया जाएगा।
जिला परिषद के वार्डों का होगा आरक्षण
लॉटरी में जिला परिषद चूरू के सभी सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही जिले की सभी पंचायत समितियों के प्रधान पदों के लिए भी आरक्षण तय किया जाएगा।
विज्ञापन
पंचायत समिति सदस्यों के वार्डों का आरक्षण भी इसी प्रक्रिया में किया जाएगा। इसमें सिद्धमुख, राजगढ़, चांदगोठी, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), सरदारशहर, सरदारशहर पूर्व, भानीपुरा, चूरू, चूरू उत्तर, रतनगढ़, सुजानगढ़ और बीदासर पंचायत समितियों के वार्ड शामिल हैं।
23 सितंबर को सुबह 10 बजे होगी लॉटरी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी के अनुसार आरक्षण निर्धारण और श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 23 सितंबर को सुबह 10 बजे जिला परिषद सभागार, चूरू में होगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
लॉटरी में तय होने वाले आरक्षण के आधार पर जिला परिषद और पंचायत समितियों के संबंधित वार्डों तथा प्रधान पदों की श्रेणीवार स्थिति सामने आएगी।





