मंडेलिया हाउस में हुई बैठक, संभावित उम्मीदवारों की दावेदारी और चुनाव तैयारियों पर चर्चा

चूरू। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर चूरू में राजनीतिक दलों की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार चूरू शहर और रतननगर क्षेत्र में टिकट दावेदारी के लिए पहले ही दिन 560 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

चूरू शहर ब्लॉक कांग्रेस और देहात ब्लॉक कांग्रेस की ओर से मंडेलिया हाउस में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संभावित उम्मीदवारों की दावेदारी और आगामी चुनाव तैयारियों पर चर्चा हुई।

विज्ञापन

रफीक मंडेलिया ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद

बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और तैयारियों में जुटने की बात कही।

बैठक में चूरू नगर परिषद और रतननगर पालिका क्षेत्र में चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

कई संभावित उम्मीदवारों ने दिए आवेदन

कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया के पहले दिन कई संभावित उम्मीदवार दावेदारी प्रस्तुत करने पहुंचे।

बैठक की अध्यक्षता शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष असलम खोखर ने की। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता जमील चौहान ने किया।

इस दौरान देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर धांधू, प्रदेश कांग्रेस सचिव रियाजत खान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।