रतननगर में सर्वाधिक 79.11% वोटिंग; वार्ड 35 के मतदान केंद्र पर विवाद के बाद करीब 10 से 15 मिनट प्रभावित रही मतदान प्रक्रिया

चूरू। निकाय चुनाव के लिए बुधवार को चूरू शहर में मतदान जारी रहा। दोपहर 3 बजे तक चूरू नगर परिषद क्षेत्र में 62.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले दोपहर 1 बजे तक मतदान का आंकड़ा 52.26 प्रतिशत था।

सुबह मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं, लेकिन दोपहर बाद कई केंद्रों पर भीड़ अपेक्षाकृत कम हो गई। कुछ मतदान केंद्रों पर दो-तीन मतदाता ही समूह में मतदान के लिए पहुंचते नजर आए।

रतननगर में 79.11 प्रतिशत मतदान

जिले के निकाय क्षेत्रों में दोपहर 3 बजे तक रतननगर में सबसे अधिक 79.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इसके अलावा छापर में 65.26 प्रतिशत, राजगढ़ में 63.68 प्रतिशत और सुजानगढ़ में 57.12 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

विज्ञापन

चूरू शहर की गोयनका स्कूल में वार्ड संख्या 53 और 58 के लिए मतदान केंद्र बनाए गए, जहां संबंधित वार्डों के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वार्ड 35 में कथित फर्जी मतदान को लेकर विवाद

इधर, चूरू के वार्ड संख्या 35 में दोपहर करीब 3:30 बजे कथित फर्जी मतदान के आरोप को लेकर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद दो पक्षों से जुड़े लोग आमने-सामने हो गए, जिससे मतदान केंद्र पर कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

दोनों पक्षों की ओर से पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात के आरोप भी लगाए गए। हालांकि, कथित फर्जी मतदान और पक्षपात से जुड़े इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

विवाद और मतदान केंद्र पर बढ़ी भीड़ के कारण करीब 10 से 15 मिनट तक मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही। इसके बाद पुलिस-प्रशासन की समझाइश से स्थिति शांत हुई और मतदान दोबारा शुरू कराया गया।

दोपहर बाद कम दिखी मतदाताओं की भीड़

शहर के कई मतदान केंद्रों पर सुबह की तुलना में दोपहर बाद मतदाताओं की संख्या कम दिखाई दी। हालांकि, अलग-अलग वार्डों और मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत में अंतर बना रहा।