चूरू जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण का मतदान शुक्रवार, 11 सितंबर को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने संबंधित क्षेत्रों के मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इन निकायों में होगा मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण में चूरू जिले की नगरपरिषद सरदारशहर और नगरपालिका तारानगर, साहवा, रतनगढ़, राजलदेसर व बीदासर में वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा।
मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
223 मतदान केंद्रों पर डाले जाएंगे वोट
✅दूसरे चरण के मतदान के लिए जिले में कुल 223 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
✅नगरपरिषद सरदारशहर के 55 वार्डों के लिए 89 मतदान केंद्र
✅नगरपालिका तारानगर के 35 वार्डों के लिए 36 मतदान केंद्र
✅साहवा के 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केंद्र
✅रतनगढ़ के 45 वार्डों के लिए 63 मतदान केंद्र
विज्ञापन
✅राजलदेसर के 35 वार्डों के लिए 35 मतदान केंद्र
✅बीदासर के 35 वार्डों के लिए 37 मतदान केंद्र
मतदाताओं से की मतदान की अपील
कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी दबाव, प्रलोभन या भेदभाव के अपने विवेक के अनुसार मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं।
मतदान केंद्रों पर रहेंगी सुविधाएं
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया, रैंप और व्हीलचेयर जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से भी उत्साह के साथ मतदान करने की अपील की है।
पहचान पत्र साथ लेकर पहुंचने की अपील
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचे और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पहचान दस्तावेज साथ लेकर जाएं।





