चूरू, 9 सितंबर 2026। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के पहले चरण में बुधवार को चूरू जिले की पांच नगरीय निकायों में मतदान हुआ। कुल 2,55,602 मतदाताओं में से 1,86,465 ने वोट डाला। जिले में औसत मतदान 72.951 प्रतिशत रहा।
राजगढ़ में सबसे ज्यादा मतदान
राजगढ़ नगरपालिका में सबसे अधिक 78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद रतननगर में 75.99 प्रतिशत, छापर में 75.04 प्रतिशत, चूरू नगर परिषद में 72.81 प्रतिशत और सुजानगढ़ नगर परिषद में 69.45 प्रतिशत मतदान हुआ।
चूरू नगर परिषद के 60 वार्डों में 96,790 मतदाताओं में से 70,469 ने मतदान किया।
विज्ञापन
सुजानगढ़ में 83,511 में से 58,000, राजगढ़ में 46,782 में से 36,491, रतननगर में 10,948 में से 8,319 और छापर में 17,571 में से 13,186 मतदाताओं ने वोट डाला।
प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण बताया
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अभिषेक सुराणा ने मतदान में भाग लेने वाले मतदाताओं और निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों का आभार जताया।
प्रशासन के अनुसार पांचों निकायों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई।
11 सितंबर को दूसरे चरण का मतदान
नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में सरदारशहर नगर परिषद और तारानगर, साहवा, रतनगढ़, राजलदेसर व बीदासर नगरपालिकाओं में मतदान होगा। यहां 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।





