कलेक्ट्रेट सभागार में दूसरे चरण की प्रक्रिया पूरी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
चूरू, 6 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए जिले के 11 निकायों की ईवीएम का बूथवार आवंटन रविवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण की यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा के निर्देशन में पूरी हुई।
विज्ञापन
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी ने बताया कि चूरू, सरदारशहर, सुजानगढ़, राजगढ़, तारानगर, साहवा, रतननगर, रतनगढ़, राजलदेसर, छापर और बीदासर निकायों के मतदान केंद्रों के लिए मशीनें निर्धारित की गईं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम की कमिशनिंग यानी मतदान के लिए मशीनों को तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।
सुराणा ने कहा कि मशीनों के परिवहन, भंडारण और मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव से जुड़ी प्रक्रियाएं आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी की जा रही हैं और राजनीतिक दलों व अभ्यर्थियों को जरूरी जानकारी समय पर उपलब्ध करवाई जा रही है।
इस दौरान सुजानगढ़ एडीएम संतोष कुमार मीना, सीईओ श्वेता कोचर और सुजानगढ़ एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे।





