चूरू। ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने NH-52 पर एक कंटेनर से 961 कार्टन अवैध शराब बरामद की है। जब्त खेप की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में हरियाणा निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया के अनुसार, NH-52 पर एक पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी के दौरान कंटेनर को जांच के लिए रोका गया। तलाशी में बड़ी मात्रा में शराब के कार्टन मिले।
चंडीगढ़ से गुजरात ले जाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से गुजरात ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के बास पदमका निवासी नवीन और साहिल के रूप में हुई है।
विज्ञापन
पूछताछ के जरिए खेप के सप्लायर, परिवहन से जुड़े लोगों और गुजरात में इसे प्राप्त करने वाले व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि आगे की पड़ताल में नेटवर्क से जुड़े अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।
एएसआई सुरेश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस की विशेष टीम ने एएसआई सुरेश कुमार के नेतृत्व में की। टीम में कॉन्स्टेबल प्रमोद कुमार, विकास कुमार, मोहरपाल, मुकेश और भीम सिंह शामिल रहे।
कंटेनर और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





