चूरू। नवाब कायम खां के 607वें शहादत दिवस (कायमखानी डे) पर जिला मुख्यालय चूरू में इंसानियत एकता सेवा समिति की ओर से विभिन्न सेवा कार्य किए गए। कार्यक्रम के तहत राजकीय डीबी अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए सीमेंटेड बेंच लगवाई गई, वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण भी किया गया।
समिति संस्थापक करामत खान उर्दू अदीब ने बताया कि कायमखानी डे के अवसर पर आयोजित सेवा कार्यों में मोहम्मद रफीक राजगढ़िया और मोहम्मद इब्राहीम सोलंकी का सहयोग रहा। उनके सहयोग से राजकीय डीबी अस्पताल परिसर में सीमेंटेड बेंच स्थापित की गई। अस्पताल में प्रतिदिन जिलेभर से बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में यह सुविधा अस्पताल आने वाले लोगों के उपयोग में आएगी।
अस्पताल में मरीजों का हालचाल जानकर वितरित किए फल
कार्यक्रम के दौरान समिति से जुड़े लोगों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। इस दौरान मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की गई।
दुआ-ए-मगफिरत की मजलिस में नवाब कायम खां को किया याद
अस्पताल में आयोजित सेवा कार्यों के बाद नई सड़क स्थित स्टे रिलेक्सड फिजियोथेरेपी क्लिनिक में दुआ-ए-मगफिरत की मजलिस आयोजित की गई। मजलिस में नवाब कायम खां को खिराज-ए-अकीदत पेश करते हुए उनके जीवन और योगदान को याद किया गया।
विज्ञापन
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव मुश्ताक खान ने की। उन्होंने अपने संबोधन में नवाब कायम खां के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि समाज के लिए किए गए कार्यों और मूल्यों को आगे बढ़ाना ही ऐसे महान व्यक्तित्वों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
आयोजन में पीडीयू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. रमाकांत वर्मा, राजकीय डीबी अस्पताल के उप अधीक्षक डॉ. इदरीस खान, डॉ. अमजद खान, डॉ. मुरलीधर चौधरी, डॉ. अख्तर खान, एडवोकेट इदरीस खान सहित चिकित्सा, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में समिति व्यवस्थापक इंजीनियर जाफर खान ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
चूरू की नब्ज पर हमारी नजर, खबरों पर आपका भरोसा — Churu Times।





