चूरू। सदर थाना क्षेत्र की पूनिया कॉलोनी से 21 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में घर से नकदी और आभूषण गायब होने की बात भी कही गई है।

परिजनों के अनुसार विवाहिता 1 जुलाई की सुबह मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटी।

देर तक घर नहीं आने पर परिवार ने आसपास तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन विवाहिता का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन सदर थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दी।

रिपोर्ट में नकदी और आभूषण गायब होने का जिक्र

परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में घर से करीब 20 हजार रुपए नकद और कुछ आभूषण गायब होने की बात कही है। इनमें गले की आड़, सिर की रखड़ी और दो अंगूठियां शामिल बताई गई हैं।

पुलिस फिलहाल परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। नकदी और आभूषण गायब होने से जुड़े तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

विज्ञापन

कॉल डिटेल के आधार पर तलाश

सदर थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी आधारों पर जानकारी जुटा रही है। साथ ही परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले को सभी पहलुओं से देखा जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यहां भी पढ़ें: सादुलपुर ब्यूटी पार्लर मामले में युवतियों की शिकायत, पुलिस जांच जारी

चूरू की हर जरूरी खबर, सबसे पहले चूरू टाइम्स पर।