चूरू, 12 सितंबर। चूरू जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 का मतदान दो चरणों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। जिले की 11 नगरीय निकायों के 429 वार्डों में हुए मतदान में कुल 73.809 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अब सभी की नजरें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।

जिले में कुल 4,91,496 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 3,62,772 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं बीदासर नगर निकाय के वार्ड संख्या 15 में सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

जिला निर्वाचन कार्यालय, चूरू

पहले चरण में 9 सितंबर को चूरू, सुजानगढ़, राजगढ़, रतननगर और छापर नगर निकायों के 205 वार्डों में मतदान हुआ। इस चरण में कुल 72.951 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राजगढ़ में सबसे अधिक 78 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा रतननगर में 75.99 प्रतिशत, छापर में 75.04 प्रतिशत, चूरू में 72.81 प्रतिशत और सुजानगढ़ में 69.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

विज्ञापन

दूसरे चरण में 11 सितंबर को सरदारशहर, तारानगर, साहवा, रतनगढ़, बीदासर और राजलदेसर नगर निकायों के 224 वार्डों में मतदान हुआ। इस चरण में कुल 74.739 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। साहवा में सबसे अधिक 86.59 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं तारानगर में 81.45 प्रतिशत, राजलदेसर में 77.02 प्रतिशत, रतनगढ़ में 75.12 प्रतिशत, बीदासर में 74.08 प्रतिशत और सरदारशहर में 69.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने मतदाताओं, मतदान दलों, पुलिस-प्रशासन, निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों, राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों का आभार जताया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों की भूमिका की सराहना की।

अब दोनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना 14 सितंबर 2026 को संबंधित नगर निकाय मुख्यालयों पर बनाए गए मतगणना केंद्रों में होगी। जिला प्रशासन ने मतगणना को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। केंद्रों पर टेबल व्यवस्था, कर्मचारियों की नियुक्ति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

मतगणना के बाद ही साफ होगा कि चूरू जिले की नगर निकायों में किस दल को बढ़त मिलती है और आने वाले दिनों में नए बोर्ड गठन की राजनीतिक तस्वीर कैसी बनती है।