चूरू, 18 सितंबर निकाय चुनाव के बाद जिले में बनी परिस्थितियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस पदाधिकारियों ने चुनाव के बाद निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने की अपील की।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर कांग्रेस जिला कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान सौंपे गए ज्ञापन में पार्टी की ओर से कहा गया कि निकाय चुनाव में जीत हासिल करने वाले कांग्रेस पार्षदों को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ निर्वाचित पार्षदों पर पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर दबाव बनाने, डराने या प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को संविधान के अनुसार निष्पक्ष भूमिका निभाते हुए सभी जनप्रतिनिधियों को स्वतंत्र वातावरण उपलब्ध कराना चाहिए।

विज्ञापन

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि निर्वाचित पार्षदों को किसी भी प्रकार के दबाव या भय से मुक्त रखा जाए और कानून व्यवस्था की निगरानी निष्पक्ष तरीके से सुनिश्चित की जाए।

कांग्रेस जिला कमेटी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का कोई प्रयास किया गया तो वह संवैधानिक तरीके से इसका विरोध करेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव रियाजत खान, जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता रामेश्वर प्रजापति, जिला प्रवक्ता जमील चौहान, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शेर खान मलकान, पूर्व जिला उप प्रमुख विद्याधर मेघवाल, हेमंत सिहाग, पूर्व सरपंच जंगशेर खान, मुश्ताक पीथीसर, पालाराम सहजुसर, पूर्व पार्षद खालिद कुरैशी, विकास मील सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।