ईवीएम संचालन, पोस्टल बैलेट और मतदान प्रक्रिया से जुड़े प्रावधानों की दी गई जानकारी
चूरू, 25 अगस्त। नगर निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत मंगलवार को चूरू जिला मुख्यालय पर पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतदान कार्मिकों को चुनाव ड्यूटी से जुड़ी प्रक्रिया को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुआ। कलेक्टर सुराणा ने प्रशिक्षण कक्षों में जाकर कार्मिकों को दी जा रही जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण की स्थिति देखी।
उन्होंने कहा कि मतदान के दिन प्रक्रिया के सुचारु संचालन में मतदान कार्मिकों की अहम जिम्मेदारी रहती है। ऐसे में पीठासीन और प्रथम मतदान अधिकारियों को अपनी भूमिका के साथ मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए।
विज्ञापन
ईवीएम से लेकर पोस्टल बैलेट तक दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को ईवीएम संचालन, मतदान की प्रक्रिया, आवश्यक निर्वाचन प्रपत्र, पोस्टल बैलेट और टेंडर वोट सहित चुनाव से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्मिकों को जरूरत के अनुसार इन प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास करने के लिए भी कहा गया।
सुराणा ने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों की शंकाओं का समाधान मौके पर ही किया जाए, ताकि मतदान के दिन प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन के लिए मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया और अपने दायित्वों की सही जानकारी होना जरूरी है।
प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की दी जानकारी
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी एवं जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता कोचर ने जिला निर्वाचन अधिकारी को प्रशिक्षण व्यवस्था और गतिविधियों की जानकारी दी।
इस दौरान प्रवर्तन निरीक्षक संपत कुमार, सह प्रभारी बजरंग सैनी, ईवीएम डीएलएमटी मनीष बिजारणियां, अजय तंवर, अनिल सैनी सहित अन्य अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।





