भोजन, छात्रावास, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा; जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों के लिए कैरियर गाइडेंस पर दिया जोर
चूरू, 7 अगस्त। अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्विनी भगत ने शुक्रवार को चूरू जिला मुख्यालय स्थित अल्पसंख्यक बालक आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय और छात्रावास में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, छात्रावास, पेयजल और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम देखे गए। भगत ने संबंधित अधिकारियों से विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं और विद्यालय की दैनिक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को विद्यालय में साफ-सफाई, भोजन और पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की ली जानकारी
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने विद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और दैनिक गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को नियमित रूप से मॉनिटर करने को कहा।
विद्यालय प्रशासन को संस्थान में उपलब्ध संसाधनों के रखरखाव और विद्यार्थियों से जुड़ी व्यवस्थाओं में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कैरियर गाइडेंस उपलब्ध कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कैरियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने विद्यालय की प्रशासनिक और आवासीय व्यवस्थाओं के बेहतर प्रबंधन पर भी जोर दिया।
महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक एवं अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी राजेंद्र शेखावत ने अधिकारियों को विद्यालय की वर्तमान व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।
निरीक्षण के बाद अश्विनी भगत ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।




