चूरू शहर के रतनगढ़-सरदारशहर तिराहा पर गुरुवार को आवारा सूअर के हमले में वार्ड नंबर-5 निवासी इब्राहीम खां घायल हो गए। हमले में उनके पैर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।

रास्ते में अचानक पीछे से किया हमला

जानकारी के अनुसार, इब्राहीम खां गुरुवार को अपने घर से ईंट मार्केट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रतनगढ़-सरदारशहर तिराहा के पास अचानक एक सूअर ने पीछे से उन पर हमला कर दिया।

इब्राहीम खां ने अस्पताल में बताया कि हमले के समय उनके पास एक छोटा डंडा था। उन्होंने डंडे की मदद से अपना बचाव करने की कोशिश की, जिसके बाद सूअर वहां से भाग गया। हालांकि, इस दौरान उनके पैर में गंभीर चोट लग गई।

लोगों ने बीच-बचाव कर बचाया, अस्पताल पहुंचाया

सूअर के हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और सूअर को वहां से भगाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल इब्राहीम खां को निजी वाहन से डीबी अस्पताल लेकर गए।

विज्ञापन

अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका इलाज शुरू किया।

एक सप्ताह पहले बच्चे पर भी हुआ था हमला

चूरू शहर में आवारा सूअरों के हमले की यह पहली घटना नहीं है। करीब एक सप्ताह पहले भी एक सूअर ने घर के बाहर खेल रहे सात साल के बच्चे पर हमला कर दिया था। घायल बच्चे को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के कारण शहरवासियों में चिंता बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा पशुओं की समस्या का समाधान किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद

शहर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर लोगों ने कई बार चिंता जताई है। अब लोगों की नजर नगर परिषद और संबंधित विभागों की कार्रवाई पर है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी घटनाओं को कम किया जा सके।