दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में दो गिरफ्तारी वारंटी पकड़े; दो अन्य आरोपियों को अनुसंधानाधीन मामलों में किया गिरफ्तार

चूरू। महिला थाना चूरू पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इनमें दो गिरफ्तारी वारंटी करीब दो साल से वांछित चल रहे थे। वहीं दो अन्य आरोपियों को अनुसंधानाधीन मामलों में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मो. जिलानी (37), निवासी उस्मानाबाद कॉलोनी, चूरू और तौफिक उर्फ कोशिक, निवासी फतेहपुर दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में गिरफ्तारी वारंटी थे। दोनों करीब दो साल से फरार बताए गए थे।

दो अन्य मामलों में विकास और नवरतन गिरफ्तार

महिला थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 78/26 में वांछित विकास कुमार (21), निवासी कोदेसर, थाना बिसाऊ, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रेस नोट में इस मामले में धारा 376 भादंसं एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 का उल्लेख किया गया है।

विज्ञापन

इसके अलावा प्रकरण संख्या 67/26 में नवरतन उर्फ नौरता (23), निवासी ढाणी मुनिम जी, थाना सदर चूरू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) के तहत दर्ज है।

चारों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया संबंधित प्रकरणों के अनुसार की जा रही है।

महिला थाना पुलिस टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई महिला थाना प्रभारी कुसुमलता के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार और कांस्टेबल चालक नंदलाल शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृष्णा सामरिया के सुपरविजन में की गई।