चूरू। एनएच-52 पर लाखाऊ स्टैंड के पास देर रात कार में संदिग्ध रूप से घूम रहे चार युवकों को दूधवाखारा पुलिस ने शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद की।
दूधवाखारा पुलिस के अनुसार, सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार सवार युवकों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक पुलिस से बहस करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर शांत रहने के लिए कहा, लेकिन वे शांत नहीं हुए। मौके पर स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
गिरफ्तार युवकों की पहचान विशाल सिंह सिसोदिया उम्र 23 वर्ष, निवासी ढाना, जिला हापुड़ उत्तर प्रदेश, फैजल कुरैशी उम्र 29 वर्ष, निवासी खुर्जा, जिला बुलंदशहर, योगेश परमार उम्र 28 वर्ष, निवासी सिंदोली, जिला हाथरस और फरमान तेली उम्र 29 वर्ष, निवासी खुर्जा, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि रात के समय क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की।





