मदीना मदरसा से रवाना होगा जुलूस; नई सड़क, स्टेशन और धर्मस्तूप सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा

चूरू। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर चूरू में 26 अगस्त को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। इसकी तैयारियों और मार्ग व्यवस्था को लेकर खानका-ए-कादरिया जामा मस्जिद में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जुलूस के संचालन, निर्धारित मार्ग, शांति व्यवस्था और आपसी समन्वय से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। शहर के विभिन्न मोहल्लों और सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए।

मदीना मदरसा से शुरू होगा जुलूस

आयोजकों के अनुसार जुलूस मोहल्ला तेलियान स्थित मदीना मदरसा से रवाना होगा। वहां से धोबियों का चौराहा, बैदो की धर्मशाला, नई सड़क, स्टेशन, धर्मस्तूप, श्याम हॉल और मालजी का कमरा होते हुए वापस मदीना मदरसा पहुंचेगा।

विज्ञापन

समापन पर अमन, भाईचारे और देश की खुशहाली के लिए दुआ की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से जुलूस के स्वागत की भी तैयारी की जा रही है।

व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था पर चर्चा

बैठक शहर इमाम पीर सय्यद मोहम्मद अनवार नदीमुल कादरी के सानिध्य में हुई, जबकि अध्यक्षता सय्यद गुलाम मुस्तफा कादरी ने की। पीर सय्यद अबरार अहमद कादरी भी मौजूद रहे।

बैठक में जुलूस को निर्धारित मार्ग से व्यवस्थित तरीके से निकालने और कानून-व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर अपने सुझाव भी रखे।

कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट सद्दाम हुसैन ने किया।