टाउन हॉल में विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी का अवलोकन, विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
चूरू। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन की ओर से मातुश्री कमला गोयनका टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, जिला परिषद सीईओ श्वेता कोचर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
देशभक्ति और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न सीबीईओ टीमों और विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों तथा राजस्थान की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी उच्च माध्यमिक विद्यालय, सीजेआरएम पब्लिक स्कूल, राजकीय सर्वहितकारिणी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, ग्लोबल इंग्लिश एकेडमी, लॉर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल, लिटिल फ्लॉवर स्कूल, आदर्श विद्या मंदिर और पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस दौरान विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस से संबंधित वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया।
विज्ञापन
राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत पर रखा जोर
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और भारतीय संस्कृति व विरासत को सहेजने की बात कही। उन्होंने विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लोगों को भी याद किया।
विधायक हरलाल सहारण और जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और देश की विविधता व सामाजिक एकता को बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में कलक्टर अभिषेक सुराणा ने उपस्थित लोगों को चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ भी दिलाई।
डिजीहैप वेबसाइट का लोकार्पण, विद्यार्थियों का सम्मान
इस अवसर पर कोड चूरू से जुड़े विद्यार्थियों द्वारा तैयार डिजीहैप वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। विद्यार्थियों ने डिजीहैप, ‘एक पंचायत एक खेल’ वेबसाइट और कोड चूरू से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
मयंक, लक्ष्मी, मोहित, आशीष, जाहिद और गौरव सहित विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सीईओ श्वेता कोचर, एसीईओ भागचंद खारिया, सीडीईओ संतोष महर्षि और पीआरओ सूर्यकान्त कुमावत सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे। संचालन मुकुल भाटी और प्रमेंद्र शर्मा ने किया।





