चूरू। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और ढाणियों में घरेलू बिजली कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जोधपुर डिस्कॉम), चूरू वृत्त ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। निगम ने लोगों से अपील की है कि बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति, कर्मचारी या ठेकेदार को नकद राशि नहीं दें।
डिस्कॉम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों और ढाणियों में पात्र परिवारों को घरेलू विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। इस प्रक्रिया के दौरान अधिकृत एजेंसी या ठेकेदार की ओर से उपभोक्ताओं से केवल जरूरी दस्तावेज ही लिए जाएंगे।
इन दस्तावेजों में पहचान पत्र, आधार कार्ड और निवास या पता प्रमाण पत्र की प्रतियां शामिल हैं।
500 रुपये का होगा निर्धारित डिमांड नोट
जोधपुर डिस्कॉम के अनुसार घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए विभाग की ओर से 500 रुपये का डिमांड नोट निर्धारित किया गया है। उपभोक्ताओं को यह राशि एक साथ जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
विज्ञापन
यह राशि 50 रुपये की 10 समान किस्तों में अगले दस महीनों के बिजली बिल में जोड़ी जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को भुगतान में सुविधा मिलेगी।
अतिरिक्त पैसे मांगने पर करें शिकायत
निगम ने स्पष्ट किया है कि बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति अतिरिक्त नकद राशि या किसी अन्य प्रकार के भुगतान की मांग करता है तो उसे पैसे नहीं दें।
ऐसे किसी भी मामले की जानकारी तुरंत संबंधित विद्युत निगम कार्यालय या पुलिस को देने की अपील की गई है, ताकि शिकायत पर उचित कार्रवाई की जा सके।
डिस्कॉम ने ग्रामीण उपभोक्ताओं से कहा है कि बिजली कनेक्शन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं केवल विभागीय नियमों के अनुसार पूरी करें और किसी अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं।





