तेलियान मोहल्ला स्थित मरकजी मदरसे से शुरू हुआ जुलूस; शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा, पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

चूरू। ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। तेलियान मोहल्ला स्थित मरकजी मदरसे से शहर इमाम अनवार अहमद के सानिध्य में शुरू हुए जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मदरसों के बच्चे भी जुलूस का हिस्सा बने।

जुलूस के दौरान “सरकार की आमद मरहबा” के नारे लगाए गए। तिरंगे और ईद मिलाद-उन-नबी से जुड़े झंडों के साथ लोग शहर के अलग-अलग इलाकों से गुजरे।

जुलूस धोबी चौराहा, नई सड़क, स्टेशन रोड, धर्म स्तूप और पुरानी सड़क सहित प्रमुख मार्गों से होकर निकला। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा की और मिठाइयां बांटकर स्वागत किया।

विज्ञापन

जुलूस कमेटी से जुड़े लोगों ने बताया कि ईद मिलाद-उन-नबी पैगंबर मोहम्मद के जीवन और संदेशों की स्मृति में मनाया जाता है। आयोजन के दौरान देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ की गई।

नई सड़क पर हुआ स्वागत

नई सड़क स्थित स्कूल नंबर 8 के पास कौम काजियान कमेटी की ओर से शहर इमाम अनवार अहमद और पीसीसी उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया गया।

रफीक मंडेलिया ने कहा कि ईद मिलाद-उन-नबी का आयोजन आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोगों की ओर से किए गए स्वागत का भी जिक्र किया।

जुलूस में चूरू विधायक हरलाल सहारण, रफीक मंडेलिया सहित भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कई प्रतिनिधि तथा शहर के अन्य लोग भी शामिल हुए।

जुलूस के मार्ग पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा इंतजाम किए गए।