परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी; 20 वर्षीय युवती ने कहा- अपनी इच्छा से युवक के साथ आई
चूरू। शहर की 20 वर्षीय युवती और 30 वर्षीय युवक सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा की मांग की। युवती ने पुलिस के समक्ष कहा कि वह अपनी इच्छा से घर से निकली थी और युवक के साथ रह रही है।
युवती के परिजनों ने इससे पहले कोतवाली थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को थाने बुलाया, जहां युवती के बयान दर्ज किए गए।
विज्ञापन
7 अगस्त को घर से निकलने की बात कही
युवती के अनुसार उसकी युवक से कई साल पहले पहचान हुई थी। परिवार उसकी शादी दूसरी जगह करना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी।
उसने बताया कि 7 अगस्त को वह घर से निकलकर युवक के साथ चली गई। दोनों ने चूरू न्यायालय परिसर में विवाह से संबंधित दस्तावेज तैयार करवाने की बात कही है और फिलहाल शहर में किराए के मकान में रह रहे हैं।
धमकी मिलने का आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि युवक के साथ रहने के बाद उन्हें धमकियां मिल रही हैं। इसी आधार पर दोनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
कोतवाली पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए हैं। सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने और पूर्व में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट के निस्तारण को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।





