चूरू। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर कांग्रेस की ओर से चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।

शनिवार को चूरू ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय मंडेलिया हाउस में शहर और देहात ब्लॉक कांग्रेस की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में आगामी चुनावों के लिए बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी करने पर विचार-विमर्श किया गया।

चूरू विधानसभा प्रभारी भीमराज जाखड़ ने कहा कि चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल के साथ काम करने और क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने की अपील की।

बैठक में स्थानीय मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनावों में क्षेत्र से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी जाएगी तथा प्रत्येक वार्ड और पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा।

विज्ञापन

शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष असलम खोखर ने कहा कि पार्टी चुनावों को लेकर तैयारियों में जुटी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संपर्क बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया ने बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान और संगठन में अनुशासन को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक सुझाव दिए।

बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद हुसैन निर्बाण, रमजान खान, अबरार खान, अली मोहम्मद भाटी, हमीद रिसालदार सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता जमील चौहान ने किया। बैठक में जिला महासचिव शिवकुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।