चूरू। शहर के अग्रसेन नगर तिराहे पर पुलिस से कहासुनी के मामले में एक युवक के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने युवक की मोटरसाइकिल के दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया है।
सदर थाना पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान अग्रसेन नगर तिराहे पर एक युवक मोटरसाइकिल के साथ खड़ा मिला।
पुलिस ने युवक से वहां मौजूद रहने का कारण पूछा। पुलिस के मुताबिक युवक संतोषजनक जवाब देने के बजाय पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई की।
विज्ञापन
युवक की पहचान
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान मोहसीन अहमद (29 वर्ष) निवासी वार्ड संख्या 8, मदीना मस्जिद के पास, चूरू हाल निवासी इमाम नगर, झुंझुनूं के रूप में हुई है।
पुलिस ने युवक के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां उसे पाबंद किया गया।
बाइक के दस्तावेज नहीं मिलने पर सीज
पुलिस के अनुसार युवक की मोटरसाइकिल के जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर वाहन को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त किया गया।





