फोरलेन के बजाय टू-लेन डिजाइन पर आपत्ति; सांसद का दावा प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक उठाया मामला

चूरू। अग्रसेन नगर में करीब 96 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे रेलवे ओवरब्रिज की डिजाइन को लेकर सांसद राहुल कस्वां ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सीमित चौड़ाई वाले इस स्थान पर टू-लेन संरचना भविष्य में बढ़ते यातायात के बीच जाम और धीमे आवागमन की वजह बन सकती है।

कस्वां के मुताबिक, यहां फोरलेन व्यवस्था अधिक उपयुक्त होती। उन्होंने कहा कि इस तरह की बड़ी परियोजनाओं की योजना तैयार करते समय आने वाले वर्षों की यातायात जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

विज्ञापन

प्रशासन से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया मामला

सांसद ने दावा किया कि ओवरब्रिज की डिजाइन को लेकर उन्होंने स्थानीय प्रशासन, जयपुर के उच्चाधिकारियों, संबंधित मंत्री और मुख्यमंत्री तक अपनी आपत्ति पहुंचाई, लेकिन अपेक्षित बदलाव नहीं किया गया।

एलिवेटेड रोड की घोषणा का भी जिक्र

कस्वां ने चूरू में एलिवेटेड रोड की बजट घोषणा का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि घोषणा के बावजूद यह योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है।

अग्रसेन नगर ओवरब्रिज का निर्माण जारी है। डिजाइन को लेकर उठाई गई आपत्तियों पर संबंधित विभाग या निर्माण एजेंसी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।